मानस भवन विवाद में बड़ा अपडेट: आपत्तिजनक पुस्तक विक्रेता सतना के नागौद से गिरफ्तार, मैहर वाली माता को लेकर पूर्व में भी कर चुका था धार्मिक टिप्पणी,कल प्रदेश के 34 जिलों में विहिप–बजरंग दल का प्रदर्शन
वही आदिवासी बहुजन अधिकार कल्याण संघ ने संविधान का अपमान करने वालों पर की कार्रवाई की मांग

जबलपुर यश भारत | यश भारत। मानस भवन विवाद अब और गहराता जा रहा है। पुलिस ने उस आपत्तिजनक पुस्तक विक्रेता को सतना जिले के नागौद से गिरफ्तार कर लिया है, जिसके खिलाफ पिछले कई दिनों से हिंदू संगठनों द्वारा कार्रवाई की मांग की जा रही थी। आरोपी द्वारा न केवल विवादित पुस्तक का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था, बल्कि इससे पहले भी मैहर वाली माता के संबंध में सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की जा चुकी थी, जिसके चलते उसके खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई हुई थी।
कार्यक्रम में आने से पहले सोशल मीडिया पर दी चुनौती
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किया गया व्यक्ति मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी सक्रिय था। शहर आने से पहले उसने सोशल मीडिया में पोस्ट डालकर स्पष्ट रूप से चुनौती दी थी कि—“मैं कार्यक्रम में पहुंचूंगा, जो करना है कर लो।”इस टिप्पणी ने माहौल को और भड़का दिया था। विवादित पुस्तक को लेकर मानस भवन में पहले से ही तनाव मौजूद था, ऐसे में उसका यह बयान स्थिति को और संवेदनशील बना गया।
घंटाघर में महिला कार्यकर्ताओं से अभद्रता, मामला फिर भड़का

मानस भवन विवाद को लेकर मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद, सिंधु परिषद और हिंदू समाज की कुछ महिला कार्यकर्ता अपने घर लौट रही थीं। तभी घंटाघर चौक पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया।वे सभी भगवा साड़ी पहने थीं, जिसे देखकर कुछ युवकों ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
युवकों ने भगवान राम और रामायण के बारे में भी अपशब्द कहे।विरोध करने पर उन्हें धमकाने और मारने की कोशिश की गई।यह भी आरोप है कि यही युवक पहले मानस भवन में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट में शामिल रहे थे।
स्थिति बिगड़ने पर मौके पर सामाजिक बंधु और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने पहुंचकर माहौल शांत कराया और महिलाओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
50 से अधिक अज्ञात आरोपियों पर एफआईआर
ओमती थाना पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों की शिकायत पर 50 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।घायलों को चिकित्सा के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
विहिप–बजरंग दल कल करेंगे प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
मानस भवन विवाद, अभद्रता और पुस्तक विक्रेता की गिरफ्तारी को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने घोषणा की है कि कल प्रदेश के 34 जिलों में एकसाथ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।संगठनों की मांग है—विवादित पुस्तक पर पूर्ण प्रतिबंध,घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी,भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों पर सख्त निगरानी की जाये
संविधान का अपमान करने वालों पर कार्रवाई की मांग

आदिवासी बहुजन अधिकार कल्याण संघ ने आरोप लगाया कि संविधान के सम्मान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे निहत्थे प्रदर्शनकारियों असामाजिक तत्वों ने अचानक लाठी-डंडों व तलवार से हमला कर दिया। हमले में संगठन के राकेश चौधरी, वृंदावन वर्मा सहित करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।संगठन के पदाधिकारियों—प्रदेश अध्यक्ष देवेश कुमार चौधरी, एडवोकेट तेज कुमार भगत, एडवोकेट राजेंद्र गुप्ता, डॉ. बी.एल. झरिया, एडवोकेट वंदना बेन, रामरतन यादव, बैजनाथ कुशवाहा, धर्मेंद्र कुशवाहा, डॉ. राजेंद्र पिल्ले, महेश अहिरवार, दीपक चौधरी, डेनियल इब्राहिम, शिवकुमार गोटिया, जीवनलाल जाटव, अमित साहू, शिवनाथ चौधरी और आलम — ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।
मामले की गंभीरता को बरतते हुए पुलिस द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेते हुए पूछताछ की जा रही है इसके अलावा समाजिक का सम्मेलन करने वाले आयोजकों की शिकायत पर भी सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है ।आज घंटाघर में जो प्रदर्शन हुआ उसपर भी कुल मिलाकर पचास से ज्यादा अज्ञात लोगों पर एफआईआर की गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
रीतेश शिव, सीएसपी कोतवाली
——————————–
इस पुस्तक विक्रेता पर पूर्व में भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने के अनर्गल आरोप हैं। मानस भवन की घटना और आज घंटाघर की घटना के विरोध को लेकर कल विहिप और बजरंग दल प्रदेश के चौंतीस जिलों में प्रदर्शन करने जा रहे हैं…
सुमित सिंह ठाकुर, विभाग संयोजक, विहिप
—————————–
निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर असामाजिक तत्वों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला किया गया हैं हम इन सभी पर कार्यवाही की मांग करते हैं..
वंदना बेन, आदिवासी बहुजन अधिकार कल्याण संघ










