भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल के युवक से राजस्थान में हैवानियत: प्रेमिका से मिलने बुलाया, फिर बंधक बनाकर पीटा और पिलाई पेशाब

Table of Contents

भोपाल के युवक से राजस्थान में हैवानियत: प्रेमिका से मिलने बुलाया, फिर बंधक बनाकर पीटा और पिलाई पेशाब

भोपाल पुलिस की सूचना पर झालावाड़ पुलिस ने युवक को सुरक्षित छुड़ाया, आरोपी फरार।

भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में रहने वाले एक 18 वर्षीय युवक के साथ राजस्थान के झालावाड़ में बर्बरता का मामला सामने आया है। प्रेम-प्रसंग के चलते युवक को झांसा देकर राजस्थान बुलाया गया, जहां युवती के परिजनों ने उसे बंधक बनाकर न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे बीयर की बोतल में भरकर पेशाब (यूरिन) पिलाने का भी गंभीर आरोप है। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना का वीडियो भी आरोपियों ने खुद बनाया और पीड़ित के परिजनों को भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, कोलार के कजलीखेड़ा निवासी सोनू (18) का झालावाड़ के दांगीपुरा थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले युवती भोपाल आई थी और सोनू के साथ रही थी। बाद में परिजन उसे समझा-बुझाकर वापस गांव ले गए। तीन दिन पहले युवती ने परिजनों के दबाव में सोनू को फोन कर गांव बुलाया। सोनू जैसे ही पुलोरो गांव पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे युवती के परिजनों ने उसे दबोच लिया।

आरोपियों ने सोनू को बंधक बनाकर घंटों पीटा और उसे अपमानित करने की सारी हदें पार कर दीं। हैवानियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया और सोनू के परिजनों के मोबाइल पर भेज दिया ताकि वे दहशत में आ जाएं। वीडियो में सोनू को आपत्तिजनक तरल पदार्थ पिलाते हुए दिखाया गया है, जिसे परिजनों ने पेशाब बताया है।

वीडियो मिलते ही सोनू के परिजन घबराकर कोलार थाने पहुंचे। कोलार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल झालावाड़ पुलिस से संपर्क किया और लोकेशन साझा की। राजस्थान पुलिस ने पुलोरो गांव में दबिश देकर सोनू को आरोपियों के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया।

इनका कहना है कि..
सोनू सुरक्षित है और उसके परिजन उसे लेने के लिए राजस्थान रवाना हो चुके हैं। झालावाड़ की दांगीपुरा पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
कोलार थाना प्रभारी -संजय सोनी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button