भोपाल: मां के इलाज के लिए मांगी मदद, प्रॉपर्टी डीलर ने नाम बदलकर इवेंट मैनेजर से किया रेप

भोपाल: मां के इलाज के लिए मांगी मदद, प्रॉपर्टी डीलर ने नाम बदलकर इवेंट मैनेजर से किया रेप
राजधानी के केरवा डैम इलाके की वारदात; आरोपी ने समीर बनकर की थी दोस्ती, असली नाम निकला जहूर
भोपाल, यशभारत। राजधानी के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक 19 वर्षीय युवती, जो इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है, के साथ प्रॉपर्टी डीलर ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती की थी और आर्थिक मदद के बहाने बुलाकर उसके साथ ज्यादती की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आर्थिक मजबूरी का उठाया फायदा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी मां की बीमारी के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रही थी। उसे इलाज के लिए 5,000 रुपये की तत्काल आवश्यकता थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक सहेली के माध्यम से आरोपी से हुई थी। आरोपी ने अपना नाम ‘समीर’ बताया था, जबकि पुलिस जांच में उसका असली नाम ‘जहूर’ सामने आया है।
नेहरू नगर बुलाया, फिर केरवा ले जाकर की ज्यादती
31 दिसंबर की रात आरोपी ने युवती को पैसे देने के बहाने नेहरू नगर बुलाया। वहां से वह उसे घुमाने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाकर केरवा जंगल कैंप रिसॉर्ट ले गया। सुनसान इलाके का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
डायल 112 की मदद से पहुंची पुलिस
पीडि़ता ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल रातीबड़ थाने की महिला सब-इंस्पेक्टर को सूचित किया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयानों के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
इनका कहना है …
हमने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।
रासबिहारी शर्मा, टीआई, रातीबड़ थाना







