महिला सुरक्षा और समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शक्ति का भोपाल पुलिस ने किया सम्मान

महिला सुरक्षा और समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शक्ति का भोपाल पुलिस ने किया सम्मान
भोपाल, यशभारत। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस कमिश्नरेट भोपाल द्वारा महिला थाना परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग की जांबाज महिला अधिकारियों से लेकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों और एनजीओ में सक्रिय महिलाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
आरक्षक से एसीपी तक का हुआ सम्मान
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने पुलिसिंग के क्षेत्र में महिला अपराधों की रोकथाम, जटिल मामलों के अनुसंधान और गुमशुदा बालक-बालिकाओं की सकुशल दस्तयाबी (तलाश) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में आरक्षक से लेकर एसीपी स्तर तक की महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं।
एनजीओ और पर्यटन क्षेत्र की महिलाओं को सराहा
समारोह में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली गैर-सरकारी संस्थाओं जैसे धृति, सर्जन, उदय, मुस्कान और आरंभ की महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पर्यटन क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं और अभियोजन अधिकारियों को भी उनके विशेष कार्यों के लिए मंच पर सराहा गया। कार्यक्रम में लगभग 200 से अधिक महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समाज को सशक्त तंत्र की जरूरत: पुलिस आयुक्त
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, समाज को ऐसी महिलाओं की बेहद जरूरत है जो चाहे पुलिस में हों या निजी एजेंसी में, महिला सुरक्षा और जागरूकता के लिए समर्पित हों। यह अपराध के खिलाफ एक बेहद मजबूत तंत्र है जो न केवल अपराधियों को रोकता है बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करता है।







