भोपाल पुलिस कमिश्नर ने देर रात किया थानों का औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप

भोपाल पुलिस कमिश्नर ने देर रात किया थानों का औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप
भोपाल, यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने की सख्ती का असर राजधानी भोपाल में साफ दिखाई दे रहा है। रायसेन घटना के बाद सीएम की फटकार और तल्ख टिप्पणी के महज कुछ ही घंटों के भीतर, भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र देर रात अचानक हरकत में आ गए। उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के शहर के तीन प्रमुख थानों का औचक (सरप्राइज) निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया।
ताबड़तोड़ चेकिंग से हक्के-बक्के रह गए पुलिसकर्मी
पुलिस कमिश्नर मिश्र बुधवार देर रात अपनी गाड़ी लेकर खुद निकले और एक-एक करके टीटी नगर, हबीबगंज और शाहपुरा थानों पर पहुंचे। रात के समय कमिश्नर साहब को अचानक अपने दरवाजे पर खड़ा देखकर थानों में तैनात पुलिसकर्मी और अधिकारी हक्के-बक्के रह गए। इस सरप्राइज चेकिंग से पूरे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की बैठक में पुलिस व्यवस्था और कार्यशैली पर गंभीर टिप्पणी की गई थी। इस तल्ख टिप्पणी के बाद ही कमिश्नर ने यह ताबड़तोड़ निरीक्षण किया, जो सीएम के एक्शन का सीधा और त्वरित परिणाम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले रायसेन में एक मासूम बच्ची से रेप के मामले में पुलिस प्रशासन की ढिलाई सामने आई थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए रायसेन एसपी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया था। सीएम के इस कड़े एक्शन ने प्रदेश के पुलिस महकमे को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भोपाल कमिश्नर का यह देर रात का निरीक्षण उसी दिशा में उठाया गया कदम है।







