भोपाल मेट्रो: केंद्रीय विद्यालय के छात्रों ने जानी भविष्य की परिवहन प्रणाली

भोपाल मेट्रो: केंद्रीय विद्यालय के छात्रों ने जानी भविष्य की परिवहन प्रणाली
भोपाल, यशभारत। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन के आधुनिक स्वरूप भोपाल मेट्रो से आज स्कूली बच्चों का परिचय कराया गया। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा आयोजित एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण के तहत केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के विद्यार्थियों ने मेट्रो की सवारी की और इसकी तकनीकी बारीकियों को समझा।
केवी स्टेशन से एम्स तक का सफर
यात्रा की शुरुआत विशेष रूप से केंद्रीय विद्यालय मेट्रो स्टेशन से हुई, जहाँ स्कूली छात्र-छात्राओं के चेहरे पर उत्साह साफ देखा जा सकता था। यहाँ से एम्स स्टेशन तक के सफर के दौरान छात्रों को मेट्रो के संचालन, सुरक्षा मानकों और यात्री सुविधाओं की जानकारी दी गई। मेट्रो अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि कैसे यह प्रणाली सड़क पर लगने वाले जाम को कम करने और समय बचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
पर्यावरण और तकनीक का मेल
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भावी पीढ़ी को ग्रीन मोबिलिटी (पर्यावरण अनुकूल परिवहन) के प्रति जागरूक करना था। छात्रों को समझाया गया कि मेट्रो किस तरह कार्बन उत्सर्जन को कम करने में सहायक है। स्मार्ट कार्ड का उपयोग, ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट और स्टेशनों पर उपलब्ध आधुनिक सुरक्षा उपकरणों ने बच्चों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
यह मेरा मेट्रो में पहला सफर था। स्कूल के पास ही स्टेशन होने से भविष्य में हमारे लिए आना-जाना बहुत आसान हो जाएगा। यहाँ की सफाई और तकनीक देखकर बहुत अच्छा लगा। भ्रमण में शामिल वरुण
शैक्षणिक उद्देश्य
कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में सार्वजनिक परिवहन के प्रति विश्वास जगाना है। केंद्रीय विद्यालय स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव न केवल छात्रों की कनेक्टिविटी सुधारेंगे, बल्कि शहर के शैक्षणिक ढांचे को भी एक नई गति प्रदान करेंगे।







