भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में वेलेंटाइन डे पर लाठियां लेकर सड़कों पर उतरा बजरंग दल

भोपाल में वेलेंटाइन डे पर लाठियां लेकर सड़कों पर उतरा बजरंग दल

राजधानी में पश्चिमी संस्कृति के विरोध और कानून-व्यवस्था के बीच तनातनी; चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

भोपाल ,यशभारत। राजधानी भोपाल में शनिवार को वेलेंटाइन डे के मौके पर उत्साह और तनाव का मिला-जुला असर देखने को मिला। जहां एक ओर युवाओं में प्रेम के इजहार के इस दिन को लेकर खासा उत्साह रहा, वहीं दूसरी ओर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर इसका पुरजोर विरोध किया। हाथों में लाठियां लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि वे भारतीय संस्कृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।

दर्जनों टीमों ने की निगरानी, युवाओं में खौफ
राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने राजधानी के अलग-अलग इलाकों में गश्त करने के लिए करीब एक दर्जन टीमें तैनात की हैं। ये टीमें पार्कों, मॉल्स और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नजर रख रही हैं। संगठन के प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने दो-टूक कहा कि वेलेंटाइन डे पश्चिमी संस्कृति का प्रतीक है और यह हमारी परंपराओं के खिलाफ है। यदि कहीं भी सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता पाई गई, तो संगठन अपने स्तर पर सामाजिक कार्रवाई करेगा।

कानून हाथ में लेने वालों को चेतावनी
बजरंग दल के इस कड़े रुख को देखते हुए भोपाल पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। संवेदनशील इलाकों, विशेषकर एमपी नगर, बोट क्लब और मॉल्स के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एमपी नगर थाने के एसआई शिवेंद्र पाठक ने स्पष्ट किया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। किसी को भी नैतिकता के नाम पर कानून हाथ में लेने या किसी व्यक्ति को परेशान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी के साथ अभद्रता या जबरदस्ती की शिकायत मिलती है, तो पुलिस तत्काल कठोर कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button