भगवान झूलेलाल के जयकारों से गूंजी अवंतिका, सीएम ने दिखाई भव्य शोभायात्रा को हरी झंडी

भगवान झूलेलाल के जयकारों से गूंजी अवंतिका, सीएम ने दिखाई भव्य शोभायात्रा को हरी झंडी
जया प्रदा और आफताब शिवदासानी जैसे सितारों ने बढ़ाई चेटीचंड महोत्सव की चमक
भोपाल, यश भारत। धर्म और संस्कृति की नगरी उज्जैन में शुक्रवार को सिंधी समाज का नववर्ष चेटीचंड हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इष्ट देव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में एक ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और टावर चौक से भगवा झंडी दिखाकर चल समारोह को रवाना किया।
भक्ति और उत्सव का संगम शोभायात्रा का नजारा देखते ही बनता था। भगवान झूलेलाल की मनमोहक झांकियां, पारंपरिक धुनों पर बजते बैंड-बाजे और सिंधी समाज की पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। टावर चौक से शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ जगह-जगह पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया गया।
सितारों की मौजूदगी ने बांधा समां इस बार का आयोजन ग्लैमर के तड़के के कारण भी चर्चा में रहा। मुख्यमंत्री के साथ बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जया प्रदा, अभिनेता आफताब शिवदासानी और लोकप्रिय टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में गोली का किरदार निभाने वाले कलाकार कुश शाह भी शामिल हुए। इन हस्तियों को अपने बीच पाकर समाजजनों, विशेषकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया।
समाज की एकता ही असली ताकत: मुख्यमंत्री जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, भगवान झूलेलाल जैसे गुरुजन समाज को सदैव सत्य और सेवा की राह दिखाते हैं। खुशियों में मिलकर जश्न मनाना और कठिन समय में एक-दूसरे का साथ देना ही हमारे समाज की असली ताकत है।” उन्होंने सिंधी समाज को नववर्ष की बधाई देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
ये रहे मौजूद कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। समाज के मुखियाओं ने मुख्यमंत्री और आए हुए अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया।







