इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा

इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
भोपाल, यशभारत। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के मैचों की मेजबानी कर रहे इंदौर शहर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीधे मुख्यमंत्री मोहन यादव पर हमला करते हुए कहा है कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है।
बता दे कि गुरुवार (23 अक्टूबर) की सुबह, ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो महिला क्रिकेटर अपने होटल रेडिसन ब्लू से खजराना रोड स्थित एक कैफे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान, एक मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक ने उनका पीछा किया और एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छूने के बाद मौके से फरार हो गया। खिलाड़ियों ने तुरंत टीम सुरक्षा अधिकारी को सूचित किया, जिसके बाद एमआईजी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अकील खान को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
जीतू पटवारी ने कहा – “यह सिस्टम की नाकामी है”
कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को ‘शर्मनाक’ बताते हुए कहा कि यह घटना न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और मध्य प्रदेश की छवि को धूमिल करने वाली है। “मध्य प्रदेश में अब कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। भाजपा सरकार की उदासीनता के कारण अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।”उन्होंने मुख्यमंत्री से एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की, जिसमें पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो।
पटवारी ने आरोप लगाया कि इंदौर जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन वाले शहर में पुलिस की निगरानी और रात्रिकालीन गश्त की कमी है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दोषी अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी इस मामले पर विधानसभा में भी विशेष चर्चा की मांग करेगी।







