फिल्म आरएमसीएस के आर्ट डायरेक्टर के साथ मारपीट

फिल्म आरएमसीएस के आर्ट डायरेक्टर के साथ मारपीट
पारिश्रमिक मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। मुंबई से आए आर्ट डायरेक्टर प्रकाश सिंह बादल ने फिल्म निर्माता राहुल मिश्रा उर्फ गैब्रियल वत्स और उनके साथी दीपक मिश्रा पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता प्रकाश सिंह बादल के अनुसार, उन्हें राहुल मिश्रा की फिल्म आरएमसीएस के लिए आर्ट डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। इसके लिए उनके बीच अनुबंध हुआ था। प्रकाश का कहना है कि वे 6 अक्टूबर 2025 को मुंबई से भोपाल आए और फिल्म के लिए सेट डिजाइन व मिनिएचर का काम पूरा किया।
भुगतान मांगने पर हुआ विवाद
आरोप है कि जब काम पूरा होने के बाद प्रकाश ने अपने पारिश्रमिक की मांग की, तो निर्माता, डायरेक्टर राहुल मिश्रा टालमटोल करने लगे। 21 जनवरी को जब पीड़ित श्यामला हिल्स स्थित उनके कार्यालय पहुंचे, तो वहां विवाद बढ़ गया।
गंभीर चोट के आरोप
शिकायत में उल्लेख है कि राहुल और उनके साथी सहायक डायरेक्टर दीपक मिश्रा ने पीड़ित के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि पीड़ित के कान से खून निकलने लगा। जिसके बाद भी उन्हें जमीन पर लिटाकर पीटा गया और सिर व सीने पर चोटें आईं। आरोपियों ने पीड़ित को पैसे देने से साफ मना करते हुए शहर छोड़कर न जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की कार्रवाई: पीड़ित ने श्यामला हिल्स थाना प्रभारी से आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







