
मुंबई,यश भारत
मुंबई के मुलुंड क्षेत्र में सड़क एवं पुल निर्माण कार्य के दौरान एक बार फिर हादसा सामने आया है। गोरेगांव लिंक रोड पर बन रहे पुल के निर्माण के समय एक लोखंड का पिलर अचानक टूटकर नीचे आ गिरा, जो सीधे एक कार पर जा गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण स्थल पर काम चल रहा था, तभी अचानक लोहे का भारी हिस्सा नीचे गिर पड़ा। हादसे के वक्त कार पुल के नीचे से गुजर रही थी। लोखंड का पिलर कार पर गिरते ही वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कार में सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह इलाका पहले से ही निर्माण कार्य के कारण संवेदनशील बना हुआ है। भारी वाहनों और मशीनों की आवाजाही के बीच सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इस घटना के बाद निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पिलर को हटाने का काम शुरू किया गया और यातायात को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि पिलर गिरने का कारण क्या था ?
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







