“द लिटिल मरमेड” संग सजा वार्षिकोत्सव,कला और आत्मविश्वास का संगम
इकिगाई किड्स इंटरनेशनल स्कूल

जबलपुर,यशभारत। शहर के प्रतिष्ठित इकिगाई किड्स इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक महोत्सव अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय ने नए नाम के साथ गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, वैश्विक दृष्टिकोण और बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सशक्त करने का संकल्प दोहराया।
“द लिटिल मरमेड” थीम ने मोहा मन

इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “द लिटिल मरमेड” रही। समुद्र की जादुई दुनिया पर आधारित इस रंगारंग प्रस्तुति में बच्चों ने साहस, सपनों पर विश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रेरक संदेश दिया। मनमोहक नृत्य, आकर्षक वेशभूषा और आत्मविश्वास से भरे अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज की पूर्व डीन डॉ. रूपलेखा चौहान सहित गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना की। छात्रों ने शिव स्तोत्र की संगीतमय प्रस्तुति देकर आयोजन को गरिमामय बनाया।

कला और आत्मविश्वास का संगम
मंच सज्जा, समुद्री परिवेश की झलक, रंग-बिरंगे परिधान और मधुर संगीत ने ऐसा वातावरण बनाया मानो दर्शक समुद्र की गहराइयों में पहुँच गए हों। बच्चों की ऊर्जा, तालमेल और अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
विद्यालय प्रबंधन का संदेश
मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि वार्षिकोत्सव छात्रों के सर्वांगीण विकास का दर्पण है। विद्यालय की संचालिका अर्पिता मालपानी, सीईओ प्रदीप गंगाधरन, प्राचार्या सोनिआ कोच्चर एवं इकिगाई किड्स की प्रिंसिपल परमवीर कौर परमार ने अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
ग्रैंड फिनाले बना आकर्षण
कार्यक्रम का समापन भव्य संगीतमय ग्रैंड फिनाले डांस और रंग-बिरंगे लेजर लाइट शो के साथ हुआ, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ वार्षिकोत्सव का समापन किया गया।







