भोपाल

प्यार में धोखा मिलने से नाराज युवक ने उतारा था युवती को मौत के घाट -पहले घोंटा, फिर चाकू से रेंता

प्यार में धोखा मिलने से नाराज युवक ने उतारा था युवती को मौत के घाट
-पहले प्रेमिका का गला घोंटा, फिर चाकू से रेंता
-प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज था आरोपी प्रेमी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत।
टीटी नगर थाना क्षेत्र में कल सुबह एक युवती की खून से लथपथ मिली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती की उसके प्रेमी ने घर में घुसकर गला घोंटने के बाद चाकू से गला रेंत कर हत्या की थी। युवती की किसी दूसरे युवक से सगाई हो गई थी और तीन माह बाद शादी होना थी। इसी बात को लेकर आरोपी युवक अपनी प्रेमिका से नाराज चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके घर से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
डीसीपी जोन-1 शशांक ने बताया कि कल सुबह पंचशील नगर निवासी रोशनी पुत्री ऐजाज मिंया(19) की उसी के घर में खून से लथपथ हालत में लाश मिली थी। युवती के गले में किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले थे। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कामय कर शव का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि युवती की गला घोंटने के बाद किसी धारदार हथियार से गला रेंता गया है। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतका रोशनी के पड़़ोस में रहने वाले मुबीन पुत्र यूनुस(20) से उसके प्रेेम संबंध थे। दोनों पड़ोसी होने के कारण एक-दूसरे को अच्छे से जानते थे। फरवरी माह से लगातार दोनों के बीच मोबाइल पर बातें हो रहीं थी। इसी आधार पर पुलिस ने मुबीन को संदिग्ध मानते हुए पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
प्रेम में धोखा बना हत्या की वजह-
पुलिस पूछताछ के दौरान मुबीन ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन जब उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उसने मृतका रोशनी से अपने प्रेम संबंधों का खुलासा करने हुए हत्या की वारदात को अंजाम देना कबूल कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि रोशनी और वह दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। इसी बीच रोशनी के परिजनों ने उसकी किसी दूसरे युवक से सगाई कर दी और तीन माह बाद उसकी शादी होना था। उसे शक था कि रोशनी उसे धोखा देकर दूसरे युवक से शादी करने को तैयार हो गई है। वह इस बात से नाराज था, इसलिए उसने अपने प्रेमिका रोशनी की हत्या कर दी।
कैसे दिया वारदात को अंजाम-
थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहरे ने बताया कि आरोपी मुबीन अपने घर से ही टेलरिंग का काम करता है। घटना वाली रात करीब तीन बजे वह रोशनी से मिलने चोरी-छिपे उसके घर पहुंचा। चूंकि रोशनी से उसके प्रेम संबंध थे, इसलिए उसने उसका घर में आते वक्त विरोध नहीं किया। इसी दौरान बातचीत के दौरान रोशनी का गला दबा कर हत्या कर दी और फिर चाकू से उसका गला रेंत दिया। जिससे कि उसकी बचने की कोई गुंजाइश न रहे। इसके बाद आरोपी मुबीन अपने घर चला गया और चाकू छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को उसकी के घर से गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button