
ठाणे, यश भारत | ठाणे स्थित पर्यावरणविद् रोहित जोशी ने राबोडी हेलीपैड के पास संरक्षित कोस्टल रेगुलेशन ज़ोन (सीआरजेड) में कथित अवैध मलबा डंपिंग और भूमि भराव को लेकर ठाणे पुलिस आयुक्त को कानूनी नोटिस भेजा है। इस मामले में उंगली पुलिस विभाग की ओर भी उठाई जा रही है।
यह कानूनी नोटिस महाराष्ट्र कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी, ठाणे ज़िला कलेक्टर और मैंग्रोव सेल (उत्तर कोंकण) के प्रभागीय वन अधिकारी को भी भेजा गया है। नोटिस में सीआरजेड-I/सीआरजेड-IB श्रेणी वाले क्षेत्र में कथित अवैध पुनर्भरण, मलबा डंपिंग और मैंग्रोव नष्ट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
नोटिस में कोस्टल रेगुलेशन ज़ोन अधिसूचना और पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के उल्लंघन का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र में इंटर-टाइडल वेटलैंड्स और मैंग्रोव पैचेज़ को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
येऊर एनवायरनमेंटल सोसायटी के संस्थापक एवं अध्यक्ष रोहित जोशी ने कहा, “सीआरजेड-I ज़ोन में मैंग्रोव का विनाश एक गंभीर अपराध है। बार-बार शिकायतों के बावजूद ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के कारण कानूनी नोटिस जारी करना पड़ा।” उन्होंने चेतावनी दी कि वेटलैंड्स के निरंतर क्षरण से मानसून के दौरान बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।







