आरएसएस की अखिल भारतीय बैठक 30 अक्टूबर से
All India meeting of RSS from October 30

आरएसएस की अखिल भारतीय बैठक 30 अक्टूबर से
जबलपुर, 14 अक्टूबर,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक इस वर्ष मध्यप्रदेश के महाकौशल प्रांत के जबलपुर में होने जा रही है। यह बैठक संघ के शताब्दी वर्ष के विशेष अवसर पर 30 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2025 तक संपन्न होगी।
बैठक दीपावली के तुरंत बाद तीन दिनों तक चलेगी। इसमें संघ रचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक सहित सह प्रांत स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह और अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख इस बैठक में शामिल होंगे।हाल ही में विजयादशमी के अवसर पर नागपुर समेत देशभर में शताब्दी वर्ष के शुभारंभ के साथ हुए विशेष उत्सवों के बाद, जबलपुर की यह बैठक विशेष महत्व रखती है। इसमें सरसंघचालक के उद्बोधन में प्रस्तुत प्रमुख विषयों और शताब्दी वर्ष की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। संघ के सभी प्रांत अपने-अपने शताब्दी वर्ष की तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श और आगामी वर्ष 2025-26 की वार्षिक योजना की समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक का एक प्रमुख एजेंडा रहेगा — संघ शताब्दी वर्ष से जुड़े संगठनात्मक लक्ष्यों को विजयादशमी 2026 तक पूर्ण करने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि इस बैठक में संघ के कार्य के विस्तार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के विविध पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।







