ग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

हाईकोर्ट से सशर्त अनुमति के बाद निकली विहिप-बजरंग दल की शौर्य यात्रा, गोहलपुर से लेमा गार्डन तक शक्ति प्रदर्शन

शौर्य यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा

हाईकोर्ट से सशर्त अनुमति के बाद निकली विहिप-बजरंग दल की शौर्य यात्रा, गोहलपुर से लेमा गार्डन तक शक्ति प्रदर्शन

जबलपुर,यशभारत। शहर में शनिवार दोपहर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शौर्य यात्रा निकालकर संगठन की ताकत का प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 1 बजे गोहलपुर क्षेत्र से शौर्य यात्रा की शुरुआत हुई, जो मछली मार्केट, मिलोनीगंज कोतवाली सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए गोहलपुर स्थित लेमा गार्डन में समाप्त होगी।

इस शौर्य यात्रा में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत समेत कई प्रमुख हिंदूवादी नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पदाधिकारी खुली जीप पर सवार होकर यात्रा में शामिल रहे, जबकि उनके काफिले में 50 से अधिक वाहन चल रहे हैं। ढोल-ढमाकों और नारों के बीच निकली इस रैली में कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

शौर्य यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा

रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। शास्त्री ब्रिज सहित प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहां रैली के चलते वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दमोह नाका से निकाली जा रही शौर्य यात्रा को जिला प्रशासन ने अनुमति न होने का हवाला देकर रोक दिया था, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ और अंततः रूट बदलकर यात्रा निकाली गई थी। इस वर्ष भी 4 दिसंबर को शौर्य यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया था, लेकिन जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी।

इसके बाद विहिप के विभाग संयोजक ने 16 दिसंबर को हाईकोर्ट में याचिका दायर की। मामले की सुनवाई 18 दिसंबर को हुई और फैसला सुरक्षित रखा गया। 22 दिसंबर को हाईकोर्ट ने शौर्य यात्रा को सशर्त अनुमति प्रदान की, जिसके बाद आज गोहलपुर से यात्रा निकाली गई।

शौर्य यात्रा के दौरान बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत ने कहा कि ऐसा माहौल बनाया गया था जिससे रैली न निकल सके, लेकिन न्यायालय के आदेश के बाद कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। फिलहाल यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button