पोषण आहार की कालाबाजारी पर प्रशासन की कार्यवाही, दुकान से 140 बोरी सरकारी राशन जब्त
दुकान सील, एफआईआर की तैयारी

जबलपुर,यशभारत। शहर में कुपोषित बच्चों के लिए भेजे जाने वाले शासकीय पोषण आहार की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। गुरुवार रात स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला एवं बाल विकास विभाग और प्रशासन की टीम ने पुलिस के साथ घमापुर स्थित एक दुकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में पोषण आहार जब्त किया।
बंद दुकान में छिपाकर रखा था आहार
जानकारी के मुताबिक विभाग को सूचना मिली थी कि घमापुर की एक दुकान में रात के समय ट्रक से सामान उतारा जाता है, जबकि दुकान अधिकांश समय बंद रहती है। सूचना मिलने पर तहसीलदार और महिला बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दुकान बंद होने के कारण पंचनामा तैयार कर ताला तोड़ा गया। अंदर बड़ी मात्रा में शासकीय पोषण आहार की बोरियां रखी हुई मिलीं।
140 बोरी पोषण आहार बरामद
जांच के दौरान करीब 140 बोरी शासकीय पोषण आहार बरामद किया गया। यह आहार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों को वितरित किया जाता है। जिस दुकान से आहार बरामद हुआ है, उसके बाहर एक निजी डॉक्टर का बोर्ड लगा है और दुकान घमापुर निवासी दीपक यादव की बताई जा रही है।
दुकान सील, एफआईआर की तैयारी
प्रशासन ने कालाबाजारी की आशंका के चलते दुकान को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला एवं बाल विकास अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पोषण आहार जब्त किया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी आंगनबाड़ी कर्मचारी की इसमें मिलीभगत तो नहीं है।







