भोपालमध्य प्रदेश

अभाविप ने RGPV की SSR रिपोर्ट के गलत तथ्यों को किया उजागर, विश्वविद्यालय के तीन भाग करने की मांग

अभाविप ने RGPV की SSR रिपोर्ट के गलत तथ्यों को किया उजागर, विश्वविद्यालय के तीन भाग करने की मांग
NAAC में गलत SSR प्रस्तुत करने वाले दोषियों पर हो FIR, RGPV में लागू हो धारा 54 – अभाविप
भोपाल, यशभारत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने हाल में RGPV द्वारा अपलोड की गई SSR रिपोर्ट के गलत तथ्यों को उजागर कर दिया है। अभाविप ने PPT के माध्यम से राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) की गलत SSR रिपोर्ट में अकादमिक अनियमितताओं के प्रमाण सौंपते हुए कुलपति एवं अन्य संबंधित दोषियों पर तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है और विश्वविद्यालय को क्षेत्र के अनुसार तीन भागों में विभाजित करने की मांग की है।
पिछले कई दिनों से RGPV में लगातार भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताएँ उजागर हो रही हैं। हाल ही में NAAC से A++ ग्रेड प्राप्त करने की प्रक्रिया में की गई धांधली इसका नवीनतम उदाहरण है।
अभाविप ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा पोर्टल पर अपलोड की गई SSR रिपोर्ट में कई गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं, जिसने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक स्तर, पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। वास्तव में यह SSR NAAC टीम के आगमन से पूर्व सार्वजनिक होना था, जबकि इसे 17 नवंबर को वेबसाइट पर अपलोड किया गया।
अभाविप ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण में शामिल सभी दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाए और विश्वविद्यालय में धारा 54 लागू की जाए ।
अभाविप मध्यभारत के प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि RGPV की SSR रिपोर्ट में कई गंभीर त्रुटियाँ हैं और कई जानकारियाँ वास्तविकता से बिल्कुल विपरीत हैं, जो गंभीर अकादमिक भ्रष्टाचार को दर्शाती हैं। रिपोर्ट में कई ऐसे तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं जो प्रथम दृष्टया ही झूठे सिद्ध होते हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं मध्यप्रदेश सरकार को तुरंत दोषियों पर धोखाधड़ी की FIR दर्ज करनी चाहिए तथा विश्वविद्यालय में तत्काल प्रभाव से धारा 54 लागू करनी चाहिए। इतना ही नहीं, पहले आर्थिक भ्रष्टाचार और अब अकादमिक भ्रष्टाचार को देखते हुए सरकार को तुरंत RGPV को तीन भागों में विभाजित कर देना चाहिए।
हाल ही में अभाविप के प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री श्री इंदरसिंह परमार से उनके निवास पर मुलाकात की है। यदि सरकार द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अभाविप के प्रांत मंत्री ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button