जबलपुरमध्य प्रदेश

पिस्ता बर्फी खाने से बिगड़ी तबीयत, उपचार के दौरान युवक की मौत

मिठाई की दुकान से भरे गए सैंपल

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में धार्मिक आयोजन के दौरान प्रसाद में वितरित पिस्ता बर्फी खाने से बीमार हुए 45 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान भेड़ाघाट चौराहा निवासी इन्द्रपाल पटेल (45) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। वहीं अन्य 16 लोगों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

धार्मिक कार्यक्रम के बाद बिगड़ी तबीयत

पुलिस के अनुसार बुधवार को क्षेत्र के पटेल परिवार द्वारा मंदिर में महिलाओं का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूजन के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भोजन के साथ प्रसाद स्वरूप पिस्ता बर्फी भी वितरित की गई। कार्यक्रम के बाद प्रसाद ग्रहण करने वाले कई लोगों की रात में अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत पर सभी को तत्काल उपचार के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नागपुर ले गए, फिर जबलपुर में तोड़ा दम

परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को इन्द्रपाल की स्थिति अधिक गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल अस्पताल से नागपुर ले जाया गया, लेकिन वहां समुचित इलाज नहीं मिल सका। इसके बाद उन्हें पुनः जबलपुर लाया गया, जहां रविवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मिठाई की दुकान से भरे गए सैंपल

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार्यक्रम में वितरित की गई मिठाई भेड़ाघाट चौराहे स्थित एक दुकान से खरीदी गई थी। मामला सामने आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित दुकान से मिठाई के नमूने जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पूरे मामले की निगरानी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button