पुरानी रंजिश में युवक पर तलवार से जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

पुरानी रंजिश में युवक पर तलवार से जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना कोलार रोड इलाके के न्यू सनखेड़ी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर तलवार और डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने वारदात के महज 6 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी अभि मीना (27 वर्ष), निवासी न्यू सनखेड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 मार्च को आरोपी सागर, राज उईके, तरुण और उनके एक अन्य साथी ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे घेरा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तलवार और बांस के डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर, कान, हाथ, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राज उईके (21 वर्ष) और तरुण अहिरवार (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके साथ शामिल एक विधि विरुद्ध बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की तलवार और बांस का डंडा जब्त कर लिया है।







