पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
भोपाल,यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर थाना इलाके में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पुरानी दुश्मनी को लेकर युवक को रास्ते में रोका और विवाद के बाद उस पर चाकू चला दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवजीवन कॉलोनी निवासी दीपक पाण्डेय (22 वर्ष), पिता मुन्नालाल, अपने काम पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना नमन उर्फ संस्कार पाण्डेय से हो गया। दोनों के बीच पुरानी किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि नमन ने आपा खो दिया और पास रखे चाकू से दीपक पर हमला कर दिया। चाकू के हमले से दीपक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
छोला मंदिर थाना पुलिस ने बताया कि घायल दीपक की शिकायत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी नमन उर्फ संस्कार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।







