एक सप्ताह बाद भी पांच तोला सोने का हार लूटने वाले फरार, झपट्टामारों को पकड़ने में नाकाम पुलिस, सीसीटीवी के सहारे जांच जारी

यश भारत फॉलो अप जबलपुर। जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग नगर में हुई झपट्टामारी की वारदात को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पांच तोला सोने का हार लूटने वाले बदमाश खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस केवल दावे करती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि झपट्टामारों को पकड़ने के बजाय पुलिस “हवा में लट्ठ घुमा” रही है।
शादी से लौटते समय हुई वारदात
जानकारी के अनुसार यादव कॉलोनी, विवेकानंद वार्ड निवासी अनिल सोनी अपनी पत्नी मीना सोनी (53 वर्ष), परिजनों और रिश्तेदारों के साथ 7 फरवरी को एक बस बुक कर भोपाल शादी समारोह में शामिल होने गए थे। 9 फरवरी की रात करीब 8 बजे सभी लोग वापस बजरंग नगर पहुंचे। बस से उतरकर सामान निकाल ही रहे थे कि तभी बाइक सवार दो युवक अचानक पहुंचे और मीना सोनी के गले पर झपट्टा मारकर पांच तोला सोने का हार लूटकर फरार हो गए।
सात से आठ लाख का बताया जा रहा हार
लूटा गया हार करीब पांच तोला वजनी बताया गया है, जिसकी कीमत लगभग सात से आठ लाख रुपये आंकी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक से आए दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच थी। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। पुलिस का दावा है कि कुछ संदेहियों को चिन्हित किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, घटना के एक सप्ताह बाद भी कोई ठोस सुराग सामने न आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और झपट्टामार गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







