देश

रेस्टोरेंट वाली 3 मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, 1 की मौत, कई लोग मलबे में फंसे

कोटा में दिल दहला देने वाला हादसा

कोटा,एजेंसी। कोटा शहर में शनिवार देर शाम एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। जवाहर थाना क्षेत्र के ओपरा हॉस्पिटल रोड पर स्थित तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

रेस्टोरेंट में मौजूद लोग दबे मलबे के नीचे

जिस इमारत के गिरने की घटना हुई, उसमें मुरादाबादी नॉनवेज रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में कर्मचारी और कुछ ग्राहक मौजूद थे, जो अचानक गिरी इमारत के मलबे में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पास की बिल्डिंग में चल रहा था जेसीबी से काम

स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरी हुई इमारत के बिल्कुल पास एक अन्य भवन में जेसीबी मशीन से निर्माण कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के कारण इमारत की नींव कमजोर हुई और यह हादसा हुआ। बताया गया है कि भवन निर्माणाधीन था—दो मंजिलें पूरी बन चुकी थीं और तीसरी मंजिल पर काम चल रहा था।

रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी में मंत्री

हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। वहीं, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी घटना पर दुख जताते हुए जिला कलेक्टर और सिटी एसपी से बात की तथा रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए।

अब तक 7 लोग अस्पताल भेजे गए

जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि मलबे से अब तक सात लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं और मलबे में फंसे अन्य लोगों को निकालने का प्रयास लगातार जारी है।

कोचिंग छात्रों के इलाके में मची दहशत

घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे कोचिंग छात्र रहते हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार और भय का माहौल है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इमारत गिरते समय आवाज ऐसी थी, जैसे एक साथ कई पटाखे फूट गए हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button