वीआईपी रोड पर नाबालिग ने स्कूटी पर खड़े होकर किया जानलेवा स्टंट

वीआईपी रोड पर नाबालिग ने स्कूटी पर खड़े होकर किया जानलेवा स्टंट
पुलिस ने शुरू की स्टंटबाजों की तलाश, वाहन मालिक पर गिर सकती है गाज
भोपाल,यश भारत। राजधानी की सड़कों पर रील बनाने के चक्कर में जान जोखिम में डालने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले वीआईपी रोड क्षेत्र के पास का है। यहाँ एक नाबालिग लड़के द्वारा चलती स्कूटी पर खड़े होकर स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। सड़क पर सरेराह की गई इस स्टंटबाजी ने न केवल ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि राहगीरों की जान को भी खतरे में डाल दिया।
संतुलन बिगड़ता तो हो सकता था बड़ा हादसा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्कूटी पर दो लड़के सवार हैं। पीछे बैठा नाबालिग लड़का अचानक चलती स्कूटी की सीट पर खड़ा हो जाता है और हाथ छोड़कर संतुलन बनाने की कोशिश करता है। वहीं, स्कूटी चला रहा युवक भी उसे रोकने के बजाय लापरवाही से वाहन चलाता नजर आ रहा है। इस दौरान दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। वीडियो किसी राहगीर ने पीछे से शूट किया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि मामूली सी चूक भी एक बड़े हादसे का सबब बन सकती थी।
नियमों को ठेंगे पर रख रहे युवा
शहर के वीआईपी रोड, बोट क्लब और होशंगाबाद रोड जैसे इलाकों में स्टंटबाजी का यह ट्रेंड डिजिटल लाइक्स’ की भूख के कारण बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि किशोरों में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ उन्हें मौत के करीब ले जा रही है।
अधिकारी का कथन हमें सोशल मीडिया के माध्यम से इस स्टंट का वीडियो प्राप्त हुआ है। स्कूटी के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और सड़क पर खतरनाक स्टंट करना दंडनीय अपराध है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस डीसीपी, जितेन्द्र सिहं पंवार







