बैरागढ़ के प्ले होटल में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भीषण आग, शादी समारोह में मची अफरा-तफरी

बैरागढ़ के प्ले होटल में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भीषण आग, शादी समारोह में मची अफरा-तफरी
भोपाल, यश भारत। राजधानी के बैरागढ़ क्षेत्र में स्थित प्ले होटल में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक शादी समारोह के दौरान अचानक गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज और उठती लपटों को देख समारोह में शामिल मेहमानों के बीच भगदड़ मच गई। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
धमाके के साथ भड़की लपटें
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, होटल में वैवाहिक कार्यक्रम की खुशियाँ मनाई जा रही थीं, तभी अचानक किचन एरिया में रखे एक गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि देखते ही देखते आग ने होटल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का गुबार दूर से ही देखा जा सकता था।
मची भगदड़, सुरक्षित निकाले गए मेहमान
आग लगते ही होटल परिसर में चीख-पुकार मच गई। शादी में आए मेहमान अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल की गाड़ियाँ मौके पर
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और उसे आसपास की इमारतों में फैलने से रोकने की है।







