भोपालमध्य प्रदेश

दुकान पर शराब पीने से रोका तो युवक को मारा था चाकू, पुलिस ने बीच सड़क निकाला जुलूस

दुकान पर शराब पीने से रोका तो युवक को मारा था चाकू, पुलिस ने बीच सड़क निकाला जुलूस

भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरागढ़ इलाके में सरेराह गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों का पुलिस ने कड़ा इलाज किया है। दुकान के काउंटर पर शराब पीने से रोकने पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने न सिर्फ दबोचा, बल्कि इलाके में उनका पैदल जुलूस भी निकाला। हाथ जोड़े सड़क पर चलते बदमाशों को देख स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, मामला बैरागढ़ थाना क्षेत्र का है। यहाँ चार बदमाशों ने एक दुकान के काउंटर को टेबल बनाकर शराब पीना शुरू कर दिया था। जब दुकान पर मौजूद युवक ने इसका विरोध किया और उन्हें वहाँ से हटने को कहा, तो बदमाश आक्रोशित हो गए। गाली-गलौज करते हुए बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और अपनी कार में सवार होकर फरार हो गए।
वारदात के बाद घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला, जिसमें बदमाशों की कार का नंबर मिल गया। इसी सुराग के आधार पर बैरागढ़ पुलिस ने दबिश दी और चारों आरोपियों को उनके घर से धर दबोचा।
दहशत खत्म करने निकाला जुलूस
क्षेत्र में बदमाशों का खौफ खत्म करने के लिए पुलिस ने अनोखा तरीका अपनाया। पकड़े गए चारों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाया गया और वहां से पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा और बदमाश जनता के सामने कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button