खुद को बताया 2019 बैच का IAS, ट्रांसफर की फाइल खुलवाने पहुंचा युवक पकड़ाया

खुद को बताया 2019 बैच का IAS, ट्रांसफर की फाइल खुलवाने पहुंचा युवक पकड़ाया
भोपाल, यश भारत : मंत्रालय (वल्लभ भवन) की अभेद्य सुरक्षा को धता बताते हुए एक युवक सीधे सामान्य प्रशासन विभाग के उप-सचिव के चैम्बर में जा घुसा। युवक ने आईएएस (IAS) का रौब झाड़ते हुए कहा मैं 2019 बैच का अफसर हूं, इंदौर में पदस्थ हूं… विभाग मुझे भूल गया है, मेरा ट्रांसफर कीजिए। लेकिन जब उप-सचिव ने बैचमेट्स के नाम पूछे, तो साहब की बोलती बंद हो गई और पोल खुल गई।
साहब का स्वैग देख अधिकारी को हुआ शक
जीएडी के उप-सचिव अजय कटेसरिया के कक्ष में जब यह युवक पहुंचा, तो उसका आत्मविश्वास किसी मंझे हुए अफसर जैसा था। उसने शिकायत भरे लहजे में कहा कि विभाग उसे नजरअंदाज कर रहा है। हालांकि, बातचीत के दौरान जब उप-सचिव ने उससे प्रशासनिक बारीकियों और उसके बैच के साथी अधिकारियों के नाम पूछे, तो युवक सकपका गया। संदेह होने पर तत्काल सुरक्षा टीम को बुलाया गया।
एसीपी ने की पूछताछ, तो खुला मानसिक बीमारी का पन्ना
मंत्रालय सुरक्षा अधिकारी एसीपी अविनाश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में युवक का आत्मविश्वास डगमगा गया। जांच में पता चला कि युवक का नाम योगेन्द्र सिंह चौहान है और वह इंदौर का रहने वाला है। परिजनों को सूचना दी गई, जो आनन-फानन में इंदौर से भोपाल पहुंचे।
मेडिकल हिस्ट्री देख दी गई हिदायत
परिजनों ने अधिकारियों के सामने युवक के इलाज के दस्तावेज पेश किए, जिससे स्पष्ट हुआ कि योगेन्द्र पिछले कई महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार चल रहा है। सुरक्षा अधिकारियों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए उसे गिरफ्तार करने के बजाय, दोबारा अकेले न छोड़ने की सख्त हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।







