धोखे से दोस्ती कर युवती से तीन लाख की ठगी, बजरंग दल ने युवक को पुलिस के हवाले किया

जबलपुर यशभारत। खमरिया थाना क्षेत्र में एक युवती को कथित रूप से धर्म छिपाकर दोस्ती कर काफी समय से परेशान करने और तीन लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अधारताल कटरा निवासी वाहिद नामक युवक ने युवती को धर्म बदलकर अपना झूठा परिचय दिया और उससे करीबी बढ़ाकर लाखों रुपये ले लिए।
युवती के अनुसार, युवक ने अपना नाम छिपाकर उससे दोस्ती की और धीरे-धीरे पैसों की मांग करने लगा। युवक पर आरोप है कि उसने युवती से लगभग ₹3 लाख रुपये हड़प लिए। जब युवती को युवक की असली पहचान और मंशा का पता चला तो उसने यह जानकारी अपने परिजनों को दी।
परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल से संपर्क किया। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर थाना खमरिया पुलिस के हवाले कर दिया।
* थाना प्रभारी खमरिया, सरोजनी चौकसे ने संबंध में कहा है कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है, युवक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।






