जबलपुरमध्य प्रदेश

शादी का दबाव बनाने प्रेमी ने की थी प्रेमिका की हत्या,आरोपी पर पुलिस का शिकंजा

नुनसर में युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा

जबलपुर यशभारत। चार दिन पहले नुनसर पुलिस चौकी क्षेत्र में खेत के पास मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके ही प्रेमी ने की थी। बताया जा रहा है कि युवती प्रेमी पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने साजिश रच डाली। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतिका और प्रेमी दोनों तिलवारा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

गौरतलब है कि नुनसर पुलिस चौकी अंतर्गत सुनसान इलाके में एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर युवती के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान संदेह की सुई उसके प्रेमी पर जाकर टिक गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने हत्या करना कबूल कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने युवती की हत्या कर दी और शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा। इस हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में बढ़ता अविश्वास और सामाजिक दबाव किस तरह जघन्य अपराधों को जन्म दे रहा है। क्षेत्र में घटना को लेकर आक्रोश और चर्चा का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button