भोपालमध्य प्रदेश

लोडिंग ऑटो ने काम पर जा रही महिला को रौंदा, मौत; चालक फरार, ऑटो जब्त

लोडिंग ऑटो ने काम पर जा रही महिला को रौंदा, मौत; चालक फरार, ऑटो जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी के लालघाटी चौराहा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार लोडिंग ऑटो ने काम पर जा रही 50 वर्षीय महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। कोहेफिजा पुलिस ने ऑटो को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान नयापुरा लालघाटी निवासी मुन्नी बाई वर्मा (50) के रूप में हुई है। वह विजय नगर स्थित एक बंगले में घरेलू काम करने जाती थीं। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने घर से काम पर जाने के लिए पैदल निकली थीं। लालघाटी चौराहा पर सड़क पार करते समय एक लोडिंग ऑटो ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
बेटा बोला- पुलिस से मिली सूचना
मृतका के बेटे सुमित वर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने ही उन्हें हादसे की सूचना दी, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, “अस्पताल आते ही हमें मां की मौत की खबर मिली। पुलिस ने बताया कि उन्हें एक लोडिंग ऑटो ने टक्कर मारी है।”
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोहेफिजा पुलिस ने बताया कि फरार चालक का लोडिंग ऑटो जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button