वन परिक्षेत्र लालबर्रा में वन रक्षक 3.50 लाख रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया

वन परिक्षेत्र लालबर्रा में वन रक्षक 3.50 लाख रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया
जबलपुर/बालाघाट। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए वन परिक्षेत्र लालबर्रा, जिला बालाघाट में पदस्थ वन रक्षक को ₹3.50 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता राजेन्द्र धुर्वे निवासी कटंगी नवागांव ने EOW में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका वन ग्राम नवागांव, कान्हा पेंच कॉरिडोर क्षेत्र में आता है और इस क्षेत्र को जंगल से अलग किए जाने पर परिवार का विस्थापन तय हुआ है। विस्थापन के मुआवज़े के रूप में प्रति यूनिट ₹15 लाख की राशि तय की गई, जिसमें शिकायतकर्ता के परिवार को कुल पांच यूनिट यानी 75 लाख रुपए मिलने थे।
इसी मामले में वन रक्षक मतलम नागपुरे (उम्र 56 वर्ष) ने पीड़ित से रिश्वत की मांग की। आरोपी ने कहा कि बिना पैसे दिए न तो उसका नाम मुआवज़े की सूची में दर्ज होगा और न ही उसे लाभ मिलेगा। आरोपी ने ₹5 लाख की मांग की थी, जिसमें से पहली किस्त के रूप में ₹3.50 लाख तय किए गए।
शिकायत पर EOW टीम ने 17-18 सितंबर को जाल बिछाया और आरोपी को लालबर्रा स्थित स्टेट बैंक के पास शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







