पांच हजार का इनामी शातिर लुटेरा पुलिस के हत्थे चढ़ा -आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिया था लूट की वारदात को अंजाम

पांच हजार का इनामी शातिर लुटेरा पुलिस के हत्थे चढ़ा
-आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिया था लूट की वारदात को अंजाम, तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार्र
भोपाल, यशभारत।
हबीबगंज पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रूपए के इनामी शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस पूर्व में ही आरोपी के तीन साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास करीब सात माह पहले आटो सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उससे सोने की चेन झपट ली थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आटो नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम ने इस मामले में आरोपी इरशाद उर्फ छोटू, अयान, एंव घटना में इस्तेमाल आटो के चालक फरहान को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन उनका साथी आरोपी शाहरूख उर्फ शाहवेज उर्फ शावेज खान पिता स्व.जावेद खान उर्फ स्व.आसिफ(25) फरार चल रहा था।
डीसीपी ने किया था इनाम घोषित-
चेन झपटने के मामले में फरार चल रहे आरोपी शाहरूख उर्फ शाहवेज उर्फ शावेज खान पर डीसीपी जोन-वन ने पांच हजार रूपए का इनाम घोषित कर दिया था। वहीं पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश में जुटी हुई थी।
शातिर लुटेरा है आरोपी-
थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि झपटमारी के मामले में फरार चल रहा आरोपी शाहरूख उर्फ शाहवेज उर्फ शावेज खान सात नंबर बस स्टाप के पास देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी शाहरूख को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ निशातपुरा, तलैया, ईटखेड़ी, कटारा हिल्स, कोलार में आपराधिक केस दर्ज हैं। आरोपी को पकडऩे में एसआई अखिलेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र भास्कर, कांस्टेबल रामनरेश किरार, राजकुमार जाट, महिला कांस्टेबल दीक्षा भदौरिया और मोनू सोलंकी की भूमिका सराहनीय रही।







