देश

गैस सिलेंडर लेने के इंतजार में चली गई जान: लाइन में खड़े 66 वर्षीय बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत

पंजाब के बरनाला की घटना

बरनाला। गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों कतार में खड़े एक बुजुर्ग की अचानक मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर फैल गई। यह दुखद घटना बरनाला जिले के शैहणा गांव में शुक्रवार सुबह सामने आई, जहां सिलेंडर लेने पहुंचे 66 वर्षीय भूषण कुमार मित्तल को दिल का दौरा पड़ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक भूषण कुमार मित्तल सुबह करीब 5 बजे अपने बेटे के साथ खाना बनाने वाले गैस सिलेंडर के लिए स्थानीय गैस एजेंसी पहुंचे थे। उस समय एजेंसी के बाहर पहले से ही बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े थे। उनका 25वां नंबर था और वे लंबे समय से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और भूषण कुमार मित्तल के शव को घर ले गए। गांव के लोगों ने बताया कि वे शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और सभी से अच्छे संबंध रखते थे, इसलिए उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में गैस सिलेंडर की कमी की खबरों के कारण लोग सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने को मजबूर हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है, ताकि लोगों को घंटों कतार में खड़ा न रहना पड़े और ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button