भोपाल में बहन के घर आई 12 साल की छात्रा से रेप

भोपाल में बहन के घर आई 12 साल की छात्रा से रेप
काउंसलिंग में हुआ खुलासा; आरोपी फरार!
भोपाल, यशभारत: राजधानी के शाहपुरा इलाके में बहन के घर आई छठवीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस घिनौनी वारदात को पीड़िता के पारिवारिक रिश्तेदार—यानी उसकी बहन की ननद के बेटे—ने अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार, बनारस की रहने वाली 12 वर्षीय पीड़िता अपनी बीमार बहन की देखभाल के लिए इंद्रा नगर स्थित उसके घर आई थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब इंद्रा नगर में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आरंभ संस्था’ के सदस्य बच्चियों को बैड टच (असुरक्षित स्पर्श) के बारे में जागरूकता दे रहे थे।काउंसलिंग के दौरान, मासूम ने हिम्मत जुटाकर अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद उसकी विस्तृत काउंसलिंग कराई गई।
पीड़िता ने बताया कि करीब 15 दिन पहले रात में जब वह कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी युवक नीरज अचानक अंदर आ गया। उसने पीड़िता को डराया-धमकाया और उसके साथ रेप किया। घटना के बाद से डर के कारण पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई थी।
संस्था के लोगों ने तत्काल पीड़िता को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। काउंसलिंग में रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी नीरज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वही एफआईआर की भनक लगते ही आरोपी युवक फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।







