आसमान में बादल, जमीन पर आग मध्यप्रदेश में 41.8°के उपर पहुंचा पारा , 5 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट

आसमान में बादल, जमीन पर आग मध्यप्रदेश में 41.8°के उपर पहुंचा पारा , 5 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां आसमान में बादल छाने और तेज हवाएं चलने के बावजूद तापमान में कोई खास राहत नहीं मिल रही है। उल्टा, उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक है। दिनभर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। वहीं नौगांव में प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा जहां पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच से अधिक जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक गुजरात और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाएं तापमान को लगातार बढ़ा रही हैं जिससे गर्मी का असर और तीखा हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम सक्रिय है। इसी के चलते भोपाल समेत कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं लेकिन ये बादल राहत देने के बजाय उमस बढ़ा रहे हैं। आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। प्रशासन ने नागरिकों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।







