भोपालमध्य प्रदेश

एमपी विधानसभा: बजट सत्र के 8वें दिन मास्टर प्लान और अडानी पर संग्राम; विपक्ष का सरकार पर सीधा हमला

एमपी विधानसभा: बजट सत्र के 8वें दिन मास्टर प्लान और अडानी पर संग्राम; विपक्ष का सरकार पर सीधा हमला

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आठवां दिन आज हंगामे की भेंट चढ़ता नजर आया। सदन में जहाँ एक ओर निराश्रित पशुओं और आगजनी की घटनाओं पर ध्यानाकर्षण लाया गया, वहीं सदन के बाहर और भीतर कांग्रेस ने ‘मास्टर प्लान’ की देरी और ‘अडानी’ के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा। सत्र की शुरुआत में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल राय और पूर्व राज्यमंत्री तेजीराम सरयाम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मास्टर प्लान पर अपनों और सपनों की जंग
सदन में सबसे तीखा मोड़ तब आया जब पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने मास्टर प्लान को लेकर मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बीच तालमेल की कमी पर सवाल उठाए। जयवर्धन ने तंज कसते हुए कहा, जब कैबिनेट मंत्री खुद कहें कि फाइल मुख्यमंत्री के पास लंबित है, तो समझ आता है कि दाल में कुछ काला है। जब तक मास्टर प्लान लागू नहीं होगा, तब तक अवैध वसूली और कॉलोनियों का खेल जारी रहेगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार की संवेदनहीनता के कारण पिछले डेढ़ साल से प्रदेश का विकास अटका हुआ है और मंत्रियों के बीच की खींचतान जनता पर भारी पड़ रही है।

भाजपा अडानी के पास गिरवी – जयवर्धन सिंह
अडानी समूह के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने बड़ा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज पूरी भाजपा अडानी जी के पास गिरवी रखी हुई है, इसीलिए जब भी उन पर कोई आरोप लगता है, तो पूरी सरकार उनके बचाव में ढाल बनकर खड़ी हो जाती है। इसके साथ ही उन्होंने गौमांस पर जीएसटी मुक्त किए जाने के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए मांग की कि गौमांस पर 1000% जीएसटी लगाया जाना चाहिए।

पेड़ कटाई और आदिवासियों पर रार
सिंगरौली में पेड़ों की कटाई के मामले ने भी सदन का तापमान बढ़ा दिया। बीजेपी विधायक रामनिवास शाह ने जहाँ इसे सामान्य बताते हुए कहा कि इससे कोई नुकसान नहीं है, वहीं कांग्रेस विधायक सेना पटेल ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी विकास के नाम पर जंगलों को उजाड़कर आदिवासियों का अस्तित्व खत्म करना चाहती है।

इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा:
जिम और स्पा की जांच की मांग: बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने प्रदेश में बढ़ते धर्मांतरण और लव जिहाद’ के मामलों को लेकर कड़ा बयान दिया। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी जिम और स्पा सेंटरों की सघन जांच होनी चाहिए, क्योंकि यहीं से ऐसे मामले उपज रहे हैं।
किसानों की समस्या: चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल और पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ने आवारा पशुओं से फसलों की बर्बादी और सड़क हादसों का मामला ध्यानाकर्षण के जरिए उठाया।

फायर सेफ्टी: जबलपुर से बीजेपी विधायक अभिलाष पांडेय ने प्रदेश में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए सख्त फायर सेफ्टी कानून और नियमित ऑडिट की व्यवस्था करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button