जबलपुरमध्य प्रदेश

जबलपुर के टीआईटी और ज्ञानगंगा कॉलेज बने स्वायत्त

आरजीपीवी का बड़ा फैसला: डिप्लोमा अब 12वीं के समकक्ष

जबलपुर,यशभारत। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) की एकेडमिक काउंसिल बैठक में विद्यार्थियों के हित में कई अहम निर्णय लिए गए। सबसे महत्वपूर्ण फैसला डिप्लोमा कोर्स को 12वीं कक्षा के समकक्ष मान्यता देने का रहा, जिससे तकनीकी शिक्षा प्राप्त छात्रों को आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में सीधा लाभ मिलेगा।

जबलपुर के दो संस्थानों को मिला ऑटोनॉमस दर्जा

बैठक में जबलपुर के टीआईटी और ज्ञानगंगा कॉलेज को स्वायत्त (ऑटोनॉमस) का दर्जा प्रदान किया गया। स्वायत्तता मिलने से संस्थानों को पाठ्यक्रम निर्माण, परीक्षा प्रणाली और मूल्यांकन पद्धति में अधिक स्वतंत्रता मिलेगी। इससे वे उद्योग की जरूरतों के अनुरूप नए कोर्स और कौशल आधारित कार्यक्रम शुरू कर सकेंगे।

ड्यूल डिग्री बंद, विभाग का नाम बदला

इंजीनियरिंग के साथ एमबीए की 5 वर्षीय ड्यूल डिग्री योजना बंद होने के बाद विभाग का नाम पूर्ववत रखा गया था। अब एकेडमिक काउंसिल ने इसका नाम बदलकर डिपार्टमेंट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट कर दिया है। प्रोफेसरों के अनुसार, काउंसिल के ये निर्णय तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button