पमरे महाप्रबंधक के सम्मान में विदाई से पहले जश्न का माहौल,पश्चिम मध्य रेल का ही हो सकता है नया मुखिया…?
25 फरवरी तक नये नाम की लग सकती है मुहर

जबलपुर यशभारत। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक की 27 फरवरी को होने वाली सेवानिवृत्ति से पहले रेलवे महकमे में विदाई समारोहों और सम्मान कार्यक्रमों का दौर तेज हो गया है। मुख्यालय से लेकर विभिन्न विभागों तक रोजाना कहीं न कहीं सम्मान समारोह, लंच मीटिंग और अनौपचारिक पार्टियों का आयोजन किया जा रहा है।रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा महाप्रबंधक के कार्यकाल को यादगार बताते हुए उन्हें भावभीनी विदाई देने की तैयारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि महाप्रबंधक के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली यात्री सुविधाओं में विस्तार हुआ और अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता दी गई। रेलवे सूत्रों के मुताबिक जबलपुर स्थित मुख्यालय में पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग विभागों द्वारा छोटे-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भव्य होगा विदाई समारोह
रेलवे सूत्रों का कहना है कि 27 फरवरी को आयोजित होने वाला मुख्य विदाई समारोह भव्य होने की संभावना है जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी प्रतिनिधि और अन्य आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे।
विदाई के इस माहौल के बीच रेलवे महकमे में नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल पूरे पमरे परिवार में एक ओर भावुकता है तो दूसरी ओर सम्मान और कृतज्ञता का माहौल नजर आ रहा है।
नए महाप्रबंधक की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज
पश्चिम मध्य रेलवे में नए महाप्रबंधक की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार 27 फरवरी को वर्तमान महाप्रबंधक की सेवानिवृत्ति से पहले ही 25 फरवरी तक नए महाप्रबंधक के नाम पर मुहर लग सकती है।
वरिष्ठ अधिकारियों के नामों पर मंथन जारी
रेलवे बोर्ड स्तर पर इस पद के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नामों पर मंथन जारी है। वहीं दूसरी ओर रेलवे सूत्रों की मानें तो पमरे के ही कई वरिष्ठ अधिकारी महाप्रबंधक की दौड़ में शामिल हैं। जानकारी के अनुसार संभावित अधिकारियों की सेवा वरिष्ठता प्रशासनिक अनुभव और पूर्व कार्यकाल की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लिया जाएगा। माना जा रहा है कि आदेश जारी होते ही नए महाप्रबंधक शीघ्र ही कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं।
बदलाव को लेकर उत्सुकता का माहौल
पमरे मुख्यालय जबलपुर में इस बदलाव को लेकर उत्सुकता का माहौल है। अधिकारी और कर्मचारी वर्ग नई नियुक्ति को लेकर कयास लगा रहे हैं। वर्तमान महाप्रबंधक की विदाई के साथ ही नए नेतृत्व से आगामी परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।रेलवे सूत्रों का कहना है कि औपचारिक आदेश जारी होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल 25 फरवरी तक नाम तय होने की संभावना ने रेलवे महकमे में हलचल बढ़ा दी है।







