जबलपुरमध्य प्रदेश

फीस जमा न होने पर छात्रा को परीक्षा से वंचित करने के आरोप, ABVP कार्यकर्ताओं ने स्कूल में किया प्रदर्शन

स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को निराधार बताया

जबलपुर,यशभारत। कटंगा स्थित जॉनसन हायर सेकेंडरी स्कूल में फीस जमा न होने के कारण दसवीं कक्षा की एक छात्रा को परीक्षा में बैठने की अनुमति न दिए जाने के मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर नारेबाजी की और विरोध जताते हुए स्कूल में ताला जड़ दिया।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फीस के अभाव में छात्रा का भविष्य खतरे में डालना अनुचित है।

बताया गया कि दसवीं कक्षा की छात्रा सानिया उइके की पारिवारिक आर्थिक स्थिति कमजोर है। छात्रा की मां घर-घर जाकर काम करती हैं, जिसके कारण वे समय पर फीस जमा नहीं कर पाईं। छात्रा को नि:शुल्क ट्यूशन देने वाले शिक्षक पराग दीवान ने बताया कि छात्रा ने पूरे वर्ष अच्छी पढ़ाई की, लेकिन फीस बकाया होने के कारण उसे तिमाही, छमाही और अंततः वार्षिक परीक्षा में भी बैठने नहीं दिया गया।

ABVP के जबलपुर महानगर महामंत्री आर्यन पुंज ने आरोप लगाया कि छात्रा के परिजन पूर्व में भी फीस के संबंध में प्राचार्य से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं कराई गई। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि प्राचार्य के शहर से बाहर होने का हवाला देकर उन्हें मिलने नहीं दिया गया और बिना प्राचार्य के ही विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।

वहीं, स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को निराधार बताया है। प्रबंधन के अनुसार छात्रा की लगभग 9 हजार रुपये फीस बकाया थी। स्कूल का कहना है कि प्राचार्य द्वारा छात्रों को एडमिट कार्ड वितरित किए गए थे और छात्रा को परीक्षा में बैठने के लिए कहा गया था। प्रबंधन का दावा है कि कई बार संपर्क करने के बाद भी छात्रा परीक्षा देने नहीं आई, जबकि अब फीस को लेकर प्रताड़ना के आरोप लगाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button