अवैध शराब बेचते दो सगे भाई गिरफ्तार, 58 लीटर से अधिक माल बरामद

अवैध शराब बेचते दो सगे भाई गिरफ्तार, 58 लीटर से अधिक माल बरामद
कुराना के दुदी मोहल्ले में दबिश देकर आरोपियों को दबोचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत परवलिया सड़क थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंगलवार सुबह ग्राम कुराना के दुदी मोहल्ले में दबिश देकर दो सगे भाइयों को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 58.2 लीटर शराब जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि दुदी मोहल्ला, कुराना में भारी मात्रा में अवैध शराब का विक्रय किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसआई राजकुमार उइके ने आरक्षक अभिषेक तोमर और रामेश्वर के साथ तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से हिरदेश अहिरवार और उसके सगे भाई बृजेश अहिरवार को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58.2 लीटर अवैध शराब बरामद की। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी हिरदेश अहिरवार शातिर अपराधी है और उस पर पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से इसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहाँ से लाई गई थी और इसके मुख्य स्रोत क्या हैं।







