अमराई के खंडहर में सट्टा अड्डे पर पुलिस की दबिश, 7 सटोरिये गिरफ्तार

अमराई के खंडहर में सट्टा अड्डे पर पुलिस की दबिश, 7 सटोरिये गिरफ्तार
53 हजार से अधिक की नगदी और सट्टा पर्चियां जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी की बागसेवनिया पुलिस ने जुए और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सोमवार को अमराई क्षेत्र स्थित एक सुनसान खंडहर में घेराबंदी कर सट्टा संचालित कर रहे 7 आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से सट्टा अंक लिखी पर्चियां और कुल 53,500 रुपये की नगदी बरामद की गई है।
खंडहर में दो स्तरों पर चल रहा था खेल
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूआरसी प्लांट के सामने अमराई स्थित एक खंडहर में बड़े पैमाने पर सट्टा लिखा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खंडहर की घेराबंदी की। दबिश के दौरान खंडहर के निचले हिस्से में 4 लोग कागज की पर्चियों पर अंक लिखते पाए गए, वहीं ऊपरी मंजिल पर 3 अन्य आरोपी सट्टे का हिसाब-किताब कर रहे थे। पुलिस ने मौके से शिवम गिरी (26), सिद्धार्थ ब्राम्हणे (52), शंकर पनघड़िया (29), राकेश नामदेव (28), संजय कोतकर (54), विक्की गिरी (28) और दीपेश जाटव (25) को गिरफ्तार किया है।







