
मुंबई, यश भारत
मुंबई में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5.88 करोड़ रुपये की सात अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त की हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के तहत की गई है। प्रवर्तन निदेशालय की मुंबई जोनल इकाई ने फैसल शेख, अल्फिया शेख और अन्य आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस मामले से जुड़े धन शोधन के आरोपों में यह कदम उठाया है।
ईडी के अनुसार, प्रतिबंधित मादक पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) की बिक्री से अर्जित धन को बैंक खातों के जरिए घुमाकर वैध दिखाने का प्रयास किया गया। जांच में सामने आया है कि इसके लिए फर्जी कंपनियों और सहयोगियों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। इसी सिलसिले में ईडी ने 12 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है।
यह जांच नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्युरो (एनसीबी) मुंबई द्वारा दर्ज शिकायत के बाद शुरू हुई थी। जांच में खुलासा हुआ कि फैसल शेख ने मेफेड्रोन की खरीद कर उसका एक संगठित नेटवर्क तैयार किया था। फैसल शेख और उसकी पत्नी अल्फिया शेख पर आरोप है कि उन्होंने एमडी ड्रग्स की बिक्री से मिले पैसों को अलग-अलग खातों के माध्यम से घुमाकर उसे कानूनी आय के रूप में पेश करने की कोशिश की।
इससे पहले 8 अक्टूबर 2025 को ईडी ने छापेमारी कर 42 लाख रुपये नकद, करीब 1.76 करोड़ रुपये मूल्य के 1.6 किलो सोने के आभूषण, 56 लाख रुपये कीमत की तीन लग्जरी गाड़ियां जब्त की थीं और 12 बैंक खातों को सीज किया था। ईडी को संदेह है कि इन्हीं अवैध पैसों से संपत्तियां खरीदी गईं। मामले में आगे की जांच जारी है।







