दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत झापन मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। झलोन गांव के समीप ब्यारमा नदी पर बने झापन घाट के क्षतिग्रस्त पुल से मोटरसाइकिल गिरने के कारण तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। मृतकों की पहचान अजय घोषी, अमित पिता दुर्गा कुर्मी तथा पवन पिता प्रकाश, निवासी चिरारी थाना रहली जिला सागर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सागर–रहली–तेंदूखेड़ा–जबलपुर स्टेट हाईवे-15 पर स्थित झलोन गांव के पास ब्यारमा नदी का झापन घाट पुल पिछले वर्ष भारी बारिश और तेज बहाव में बह गया था। तब से पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और उस पर आवागमन बंद है। पिछले सात महीनों से झापन–इमलिया–झलोन मार्ग से लंबा चक्कर लगाकर यातायात संचालित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि टूटे पुल के दोनों ओर किसी प्रकार के संकेतक, बैरिकेड या खतरे के बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। दिन में तो लोग सतर्कता के कारण बच जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में अनजान वाहन चालक हादसे का शिकार हो सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि संकेतकों के अभाव में ही बाइक सवार पुल को सामान्य समझकर आगे बढ़ गए और नदी में जा गिरे।
तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रावेन्द्र बागरी ने बताया कि सुबह पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा इंतजाम एवं वैकल्पिक पुल निर्माण की मांग की है।
Back to top button