यूजीसी एक्ट के समर्थन में भोपाल के अंबेडकर पार्क में उमड़ा छात्रों का सैलाब

यूजीसी एक्ट के समर्थन में भोपाल के अंबेडकर पार्क में उमड़ा छात्रों का सैलाब
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अंबेडकर पार्क में आज उच्च शिक्षा के क्षेत्र में समानता और समान अवसरों की मांग को लेकर एक विशाल शक्ति प्रदर्शन देखा गया। आजाद समाज पार्टी (आजाक) और विभिन्न छात्र संगठनों के आह्वान पर हजारों की संख्या में प्रदेशभर से छात्र और कार्यकर्ता यूजीसी (UGC) के नए नियमों के समर्थन में सड़कों पर उतरे।
समानता और अवसर के लिए लामबंदी
प्रदर्शनकारियों का मुख्य उद्देश्य यूजीसी द्वारा हाल ही में प्रस्तावित उन नियमों का समर्थन करना है, जो उच्च शिक्षण संस्थानों में इक्विटी और सभी वर्गों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करते हैं। संगठनों का तर्क है कि ये नियम हाशिए पर खड़े छात्रों को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होंगे।
मैदान से लेकर सड़कों तक नीली लहर
सुबह 11 बजे से ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों से छात्रों का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर होते-होते अंबेडकर पार्क पूरी तरह भर गया। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए छात्र ‘यूजीसी एक्ट लागू करो’ और ‘समान शिक्षा-समान अधिकार’ के नारे लगा रहे थे। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर इन नियमों को प्रदेश में पूरी दृढ़ता के साथ लागू करने की मांग करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रूट डाइवर्ट
हजारों की भीड़ द्वारा मुख्यमंत्री निवास घेराव के ऐलान को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अंबेडकर पार्क से लेकर श्यामला हिल्स (CM हाउस) तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पॉलिटेक्निक चौराहे और बाणगंगा क्षेत्र में पुलिस ने तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की है। प्रदर्शन के चलते लिंक रोड नंबर-1 और राजभवन की ओर जाने वाले रास्तों पर यातायात प्रभावित रहा, जिसके लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है।







