भोपाल पुलिस के 400 जवानों ने रात 2 बजे ईरानी डेरे को घेरा

भोपाल पुलिस के 400 जवानों ने रात 2 बजे ईरानी डेरे को घेरा
5000 का ईनामी और 283 स्थाई वारंटी गिरफ्तार
भोपाल , यशभारत। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने बीती रात अपराधियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के नेतृत्व में 10 और 11 फरवरी की दरमियानी रात राजधानी के सभी थानों में एक साथ ‘कॉम्बिंग गश्त’ की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने 283 स्थाई वारंटियों और 125 गिरफ्तारी वारंटियों समेत कुल 408 से अधिक आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने रात में खुद कंट्रोल रूम पहुँचकर बल को ब्रीफ किया और मैदान में उतारा। इस अभियान में एडिशनल सीपी अवधेश गोस्वामी सहित सभी जोन्स के डीसीपी और एसीपी सक्रिय रहे। कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद यह 19वीं बड़ी कॉम्बिंग गश्त थी, जिसमें पुलिस ने उन अपराधियों को टारगेट किया जो लंबे समय से फरार थे या वारंट तामील नहीं कर रहे थे।
कुख्यात ईरानी डेरे की घेराबंदी
इस गश्त की सबसे बड़ी कार्रवाई डीसीपी जोन-4 मयूर खण्डेलवाल के नेतृत्व में हुई। करीब 400 पुलिसकर्मियों के भारी बल ने निशातपुरा स्थित अमन कॉलोनी के कुख्यात ‘ईरानी डेरे’ को चारों तरफ से घेरकर दबिश दी। अचानक हुई इस छापेमारी से वहां हड़कंप मच गया। प्राथमिक सूचना के अनुसार, यहाँ से बड़ी संख्या में संदिग्ध और अपराधी पकड़े गए हैं।
ईनामी और गंभीर अपराधी भी गिरफ्त में
गश्त के दौरान पुलिस को बड़ी सफलताएं हाथ लगीं ऐशबाग पुलिस ने गोवंश मामले में फरार 5,000 रुपये के ईनामी आरोपी मोहम्मद अमन को गिरफ्तार किया। वहीं अशोका गार्डन पुलिस ने 2,000 रुपये के ईनामी बदमाश को पकड़ा। गंभीर अपराधों में फरार चल रहे 8 अपराधियों को भी धरदबोचा गया। 4 जिला बदर अपराधी, 5 पूर्व वाहन चोर और 2 नकबजन भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
आंकड़ों में रात भर की कार्रवाई:
स्थाई वारंटी: 283
गिरफ्तारी वारंटी: 125
जमानतीय वारंटी: 121
निगरानी बदमाश चेक हुए: 66







