देश

भारत-पाक सीरीज पर आईसीसी का दो टूक संदेश, पीसीबी की मांगें खारिज

द्विपक्षीय और त्रिकोणीय सीरीज को अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया, बहिष्कार पर पुनर्विचार को 24 घंटे

नई दिल्ली, यशभारत
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अध्यक्ष मोहसिन नकवी की उन सभी प्रमुख मांगों को अस्वीकार कर दिया है, जिनमें भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव शामिल था। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा के बाद पाकिस्तान ने अपने रुख पर पुनर्विचार करते हुए आईसीसी के समक्ष कई सुझाव रखे थे, मगर वैश्विक क्रिकेट संस्था ने इन्हें मानने से इनकार कर दिया।
पीसीबी द्वारा बहिष्कार की घोषणा के तुरंत बाद आईसीसी ने पाकिस्तान को अपने फैसले पर दोबारा सोचने की सलाह दी थी। इसी कड़ी में विवाद सुलझाने के प्रयास के तहत आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा लाहौर पहुंचे और पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी से विस्तृत बातचीत की। बैठक के दौरान पाकिस्तान की ओर से भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज के साथ-साथ भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज कराने की मांग रखी गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने साफ किया कि द्विपक्षीय सीरीज कराना या वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से जुड़ी श्रृंखलाओं का आयोजन उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसी आधार पर इन प्रस्तावों को खारिज कर दिया गया।
इसके अलावा पाकिस्तान ने यह भी मांग की थी कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग न लेने की स्थिति में बांग्लादेश पर किसी प्रकार का जुर्माना न लगाया जाए और आईसीसी फंडिंग से उसे पूरा हिस्सा मिले। साथ ही, बांग्लादेश को किसी आईसीसी इवेंट की मेजबानी देने का आग्रह भी किया गया। इन बिंदुओं पर फिलहाल आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
लाहौर में हुई बैठक करीब चार घंटे चली, जिसमें पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी, बीसीबी प्रमुख अमीनुल इस्लाम और आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा शामिल रहे। बैठक के बाद पीसीबी को अपने फैसले पर पुनर्विचार के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से परामर्श के बाद आईसीसी को यह सूचित करेगा कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ निर्धारित मुकाबले में वह उतरेगा या नहीं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button