लघुशंका बनी मौत की वजह! यमुना एक्सप्रेसवे पर खड़े यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, 6 की दर्दनाक मौत
नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह

मथुरा | यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन-88 के पास सड़क किनारे खड़े 15 यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। इस भयावह दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक बस को यात्रियों के अनुरोध पर चालक ने एक्सप्रेसवे पर ही रोक दिया। यात्री लघुशंका के लिए बस से नीचे उतरे ही थे कि पीछे से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर बस से टकराया और फिर नीचे खड़े यात्रियों को कुचलता चला गया।
हादसा सुबह करीब 2:45 से 3:30 बजे के बीच का बताया जा रहा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क खून से लाल हो गई।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष समेत दो अन्य लोगों की जान चली गई। वहीं औरैया के बेला निवासी अमर दुबे सहित अन्य घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने बस को निर्धारित ग्रीन जोन में न रोककर एक्सप्रेसवे पर ही खड़ा कर दिया, जो नियमों के खिलाफ है। पुलिस अब बस चालक और कंटेनर चालक दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं—
बस को एक्सप्रेसवे पर क्यों रोका गया?
ग्रीन जोन का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया?
कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज क्यों थी?






