भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स: गोविंद गोयल ने मारी बाजी, 193 वोटों से जीते

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स: गोविंद गोयल ने मारी बाजी, 193 वोटों से जीते

हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाली को दी शिकस्त; भोपाल को नेशनल लॉजिस्टिक हब बनाने का संकल्प

भोपाल,यश भारत। राजधानी के प्रतिष्ठित व्यापारिक संगठन ‘भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ (बीसीसीआई) के अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में गोविंद गोयल ने शानदार जीत दर्ज की है। 40 राउंड तक चली लंबी मतगणना के बाद गोयल ने अपने प्रतिद्वंद्वी तेजकुल पाल सिंह पाली को 193 मतों के अंतर से पराजित किया। गोयल को कुल 1085 वोट मिले, जबकि पाली 892 वोटों पर सिमट गए। चुनाव में 17 वोट अमान्य पाए गए।

देरी से शुरू हुई मतगणना, बना रहा रोमांच

मतदान प्रक्रिया रविवार देर रात तक चलने के कारण मतपेटियों को सुरक्षा के लिहाज से श्यामला हिल्स थाने में रखवाया गया था। इस वजह से सोमवार सुबह मतगणना करीब तीन घंटे की देरी से शुरू हुई। पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन में जैसे-जैसे राउंड बढ़ते गए, समर्थकों के बीच रोमांच बढ़ता गया। दोपहर तक मतों के बंडल बनाने के बाद शुरू हुई गिनती देर शाम तक चली, जिसमें अंततः गोयल के नाम पर मुहर लगी।

व्यापारियों की एकता और आधुनिकता पर जोर

जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोविंद गोयल ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “मेरी पहली प्राथमिकता व्यापारियों में अटूट एकता स्थापित करना है।” गोयल ने भोपाल के व्यापारिक भविष्य का रोडमैप साझा करते हुए कहा कि वह भोपाल को राष्ट्रीय स्तर का ‘लॉजिस्टिक हब’ बनाने की दिशा में काम करेंगे। साथ ही थोक फार्मा और मेडिकल ट्रेड को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और युवा उद्यमियों के लिए स्टार्टअप व निवेश आधारित सेमिनार आयोजित करने का भरोसा भी दिलाया।

पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ चुनाव

इस चुनाव को संपन्न कराने के लिए करीब 170 सदस्यों की टीम तैनात थी। पर्यवेक्षक डॉ. पीसी कोठारी और सीए वैभव जैन की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। करीब 2000 व्यापारियों ने इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसमें पोस्टल और टेंडर वोट भी निर्णायक रहे।

चुनाव परिणाम एक नजर में:

कुल विजेता: गोविंद गोयल (1085 वोट)

उपविजेता: तेजकुल पाल सिंह पाली (892 वोट)

जीत का अंतर: 193 वोट

अमान्य मत: 17

कुल राउंड: 40

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button