
संस्कृत मंत्रों की गूंज से गुंजायमान हुआ स्मॉल वंडर्स स्कूल
115 विद्यार्थियों ने बिखेरा सांस्कृतिक वैभव
जबलपुर,यशभारत। । संस्कारधानी के स्मॉल वंडर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बलदेव बाग का परिसर उस समय अध्यात्म और संस्कृति के रंगों में रंग गया, जब टैलेंट सर्च स्पोर्ट्स एंड कल्चर इंडिया के तत्वावधान में भव्य संस्कृत मंत्र-श्लोक एवं सस्वर गायन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। पूरे वातावरण में संस्कृत के श्लोक, मंत्र और मधुर गायन की दिव्य गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि परम पूज्य मैत्री दीदी एवं विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा रहे। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को अपने आशीर्वचनों से संस्कृत के महत्व को समझाते हुए अनुशासन और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं विशिष्ट अतिथि ने अपनी सुरीली आवाज में गीत प्रस्तुत कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में जबलपुर जिले की 10 से अधिक शालाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। 6 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने एकल एवं सामूहिक प्रस्तुतियाँ दीं। प्रतियोगिता में महर्षि विद्या मंदिर (नेपियर टाउन), स्मॉल वंडर्स स्कूल, डब्लू.आर.सी. स्कूल, विज्डम पब्लिक स्कूल, गुरुकुल स्कूल, सत्यम कॉन्वेंट स्कूल, क्रिश्चियन गर्ल्स एंड बॉयज़ स्कूल सहित अनेक विद्यालयों की सहभागिता रही।
प्रत्येक प्रस्तुति अत्यंत प्रभावशाली रही, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह को गौरव की अनुभूति हुई। कार्यक्रम में संरक्षक शेखर अग्रवाल, चेयरपर्सन नंदिनी अग्रवाल, निर्देशिका पूनम अग्रवाल, डिप्टी डायरेक्टर आरुषि अग्रवाल, प्राचार्य विलियम डॉयस, उप प्राचार्य अनिल रजक एवं प्राचार्य (म.वि.म.) नीलेश कुमार पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्वेता अग्रवाल ने किया। टैलेंट सर्च स्पोर्ट्स एंड कल्चर इंडिया की ओर से अध्यक्ष ज्योत्सना सिंह, महासचिव रामकिशोर सोनी एवं प्रवक्ता लक्ष्मी क्षेत्री ने आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया।
निर्णायक मंडल में अनामिका अग्रवाल, शारदा उपाध्याय और लक्ष्मी मिश्रा शामिल रहीं। प्रकृति क्षेत्री, अमर कदम एवं बुशरा खान का सहयोग सराहनीय रहा।
प्रतियोगिता में कुल 115 प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ओवरऑल चैंपियनशिप स्मॉल वंडर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने अपने नाम की।
द्वितीय स्थान ब्रह्मऋषि स्कूल तथा तृतीय स्थान महर्षि विद्या मंदिर नेपियर टाउन और डब्लू.आर.सी. स्कूल ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।






