मध्य प्रदेश

PMJJBY में करोड़ों का घोटाला उजागर, ईओडब्ल्यू ने दर्ज किया मामला

ग्वालियर–चम्बल संभाग में संगठित गिरोह सक्रिय

ग्वालियर,एजेंसी। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) में ग्वालियर–चम्बल संभाग के अंतर्गत संगठित गिरोह द्वारा बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा कर शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने दीपमाला मिश्रा, जिगनेश प्रजापति, नवीन मित्तल, पूजा कुमारी, नगर निगम ग्वालियर की जन्म–मृत्यु शाखा के तत्कालीन कर्मचारियों तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा श्योपुर के कर्मचारियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

ईओडब्ल्यू को प्राप्त शिकायत के अनुसार आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक जीवित व्यक्तियों को मृत एवं मृत व्यक्तियों को जीवित दर्शाते हुए कूटरचित मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए और उनके आधार पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम आहरित किया। प्रारंभिक जांच में जनवरी 2020 से दिसंबर 2024 की अवधि को शामिल किया गया है, जिसमें ग्वालियर–चम्बल संभाग में 8 बीमा कंपनियों द्वारा क्लेम भुगतान किया गया है।

श्योपुर जिले में स्टार यूनियन दाईची लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से जुड़े 6 प्रकरणों की जांच में 5 प्रकरण फर्जी पाए गए, जिनमें 2-2 लाख रुपये के क्लेम निकालकर कुल 10 लाख रुपये की क्षति कारित की गई। इस पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318, 319, 336, 338, 340 एवं 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
ईओडब्ल्यू द्वारा अन्य बीमा कंपनियों से जुड़े मामलों की भी लगातार जांच की जा रही है। पूर्व में एक्सिस मैक्स लाइफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस सहित अन्य कंपनियों से जुड़े 15 प्रकरणों में ग्वालियर, मुरैना एवं भिण्ड जिलों में अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए जा चुके हैं। प्रकरणों की विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button